HomeHealth & Fitnessआगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक...

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जमालपुर थाना क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी 24 वर्षीय अभिषेक सिंह की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे तालग्राम थाना क्षेत्र के तिलखरिया गांव के सामने हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई अतुल सिंह और मामा शिवकला सिंह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। परिजनों के अनुसार अभिषेक सिंह बीकॉम उत्तीर्ण थे और पिछले एक माह से नोएडा की एक निजी कंपनी में अपने मित्र के साथ कार्यरत थे।

बताया गया कि सोमवार रात वह अपने मित्र प्रिंस सिंह निवासी लोढ़वा के साथ बुलेट बाइक से वाराणसी लौट रहे थे। इसी दौरान तिलखरिया गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद यूपीडा की टीम ने दोनों घायलों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रिंस सिंह का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभिषेक दो भाइयों में छोटे थे और अविवाहित थे।

मृतक के पिता रामकुमार सिंह सिद्धि समाज इंटर कॉलेज, नंदगांव शेरवा में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत हैं। परिवार पिछले लगभग एक दशक से वाराणसी के सामने घाट स्थित गायत्री नगर में निवास कर रहा है।

युवक की असमय मौत से मां गीतू सिंह, नाना छविनाथ सिंह, मामा भृगुनाथ सिंह समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिषेक का ननिहाल गोगहरा गांव में है। घटना की खबर से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments