#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के विकास खंड दुबौलिया की ग्राम पंचायत दुबौलिया में मनरेगा के तहत बन रहे आदर्श अमृत सरोवर के निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्राम निवासी राजकुमार सोनकर ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की आईजीआरएस संख्या 92618500028372 है। शिकायतकर्ता राजकुमार सोनकर का आरोप है कि सरोवर के चारों ओर कराए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पहली ही बारिश में इंटरलॉकिंग कई स्थानों पर उखड़ गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कार्यस्थल पर लगी सूचना पट्टिका में वास्तविक लागत, अनुमोदित लागत, व्यय धनराशि, सृजित मानव दिवस, कार्य प्रारंभ और पूर्ण होने की तिथि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित नहीं हैं। इससे योजना की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव भारतनाथ यादव से बात की गई। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य अभी जारी है और पूरा होने के बाद सभी जानकारियां अपडेट कर दी जाएंगी। साथ ही, पाई गई कमियों को भी ठीक कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी विनय द्विवेदी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। जब डीसी मनरेगा संजय शर्मा से इस मामले पर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि जब जनता के पैसे से बन रहे कार्य में गड़बड़ी की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंच चुकी है, तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है। ग्रामीण अशोक कुमार और सोनी लाला ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। राजकुमार सोनकर ने कहा कि पहली बरसात में यह हाल है, तो आगे क्या होगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में अमृत सरोवर निर्माण में अनियमितता के आरोप:मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज, जांच की मांग
RELATED ARTICLES












