उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। कल पूरा दिन कई राज्यों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाए। उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर राज्य इस समय भीषण लू की चपेट में हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग सुबह 10 बजे से पहले ही घरों के अंदर बंद हो जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। आज यानी 21 मई 2026 को भी कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस बीच उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में मौसम विभाग ने गर्मी का रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज भी हीटवेव यानी लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर में पारा 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पूरा दिन आसमान साफ रहेगा और गर्म हवाएं सुबह-शाम भी लोगों को परेशान करेंगी। दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 26 मई तक मौसम इसी तरह रहेगा यानी अभी दिल्ली वालों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
यह भी पढ़ें: विधायक बने तो 5 साल में प्रॉपर्टी डबल! केरल के आंकड़े दे रहे गवाही
इन राज्यों में चलेगी लू
मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। जिन राज्यों में लू चलने की संभावना है उनमें पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ शामिल हैं। यहां 21 मई यानी आज तक हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़,ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना है।
स्कूलों में छुट्टी
गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कई राज्यों ने अब स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। हरियाणा सरकार ने कल गर्मी को देखते हुए 25 मई से 30 जून तक राज्य के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही कई अन्य राज्यों में भी जिला स्तर पर इस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं।
रेड अलर्ट जारी
गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कुछ राज्यों में तो मौसम विभाग का रेड अलर्ट ही जारी करना पड़ा। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में पूरे देश में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है। यूपी में तो कई जगहों पर तापमान 50 डिग्री के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने मौसम चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है।
यह भी पढ़ें: 5वीं पास विधायक के पास 58 अरब की संपत्ति, सोना-चांदी और हीरे की भरमार
किन राज्यों में होगी बारिश?
एक तरफ देश के कई राज्यों में लोग गर्मी से बेहाल हैं तो वहीं कुछ राज्यों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई हई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना भी जताई गई है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग के अनुसार, आज भी अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही दक्षिण भारत के भी कुछ हिस्सों में आज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 24 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस पूरे सप्ताह भारी बारिश की संभावना है।











