बहराइच के नानपारा स्थित प्रसवोत्तर केंद्र (PPC) पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार सुबह यहां वैक्सीन प्रभारी सुशीला वर्मा की अनुपस्थिति में उनके पति जगत वर्मा वैक्सीन वितरण करते और रजिस्टर बनाते पाए गए। यह केंद्र अमवा हुसैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के अंतर्गत आता है, जहां से क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन वितरित की जाती है। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि अप्रशिक्षित जगत वर्मा हेल्पर के तौर पर कार्य कर रहे थे। उनके साथ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जमील भी मौजूद थे। पूछताछ करने पर जगत वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी घर पर हैं और थोड़ी देर में आएंगी। उनकी जगह वह काम संभाल रहे थे। इस मामले पर अधिकारियों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। लिपिक अमित राय ने कहा कि शासनादेश के अनुसार, कोई भी व्यक्ति हेल्पर रखकर कार्य करवा सकता है। वहीं, चिकित्साधीक्षक डॉ. निखिल सिंह ने बताया कि इंचार्ज सुशीला वर्मा उस दिन छुट्टी पर थीं, इसलिए उनके पति वितरण कर रहे होंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रजिस्टर केवल इंचार्ज ही बना सकती हैं और हेल्पर रखने के लिए अलग से अनुदान मिलता है। पति और अधीक्षक के बयानों में विरोधाभास दिखा, जहां एक तरफ पति पत्नी के घर पर होने की बात कह रहे थे, वहीं अधीक्षक ने उनके छुट्टी पर होने का दावा किया। स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार, वैक्सीन का वितरण और रजिस्टर का संधारण केवल प्रशिक्षित और अधिकृत एएनएम या वैक्सीन प्रभारी ही कर सकती हैं। किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा यह कार्य किया जाना एक गंभीर लापरवाही मानी जाती है।
नानपारा PPC पर अप्रशिक्षित व्यक्ति ने बांटी वैक्सीन:प्रभारी पत्नी की अनुपस्थिति में पति कर रहा था वितरण और रजिस्टर संधारण
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












