इटवा विकास क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक एवं जूनियर हाई स्कूल इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। बीते एक माह में क्षेत्र के कई विद्यालयों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। चोर स्कूलों के रसोईघर और कार्यालयों का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, राशन सामग्री और मध्याह्न भोजन के बर्तन सहित अन्य सामान चुरा रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से शिक्षकों में रोष है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय जिगना शुक्ल में गैस सिलेंडर और राशन सामग्री चोरी हुई थी। इससे पहले, 23 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय सहदेइया में भी चोरों ने सिलेंडर और राशन पर हाथ साफ किया था। 1 मई को जूनियर हाई स्कूल मेहदानी में राशन सामग्री और मध्याह्न भोजन के बर्तन चोरी हुए। वहीं, 2 मई को प्राथमिक विद्यालय डबरा से भी गैस सिलेंडर और राशन चोरी होने की घटना सामने आई। ताजा मामला 10 मई रविवार की रात का है, जब गोल्हौरा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर में अज्ञात चोरों ने कार्यालय और रसोईघर का ताला तोड़ दिया। चोर यहां से एक गैस सिलेंडर और लगभग आठ किलो राशन चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक राम कुबेर ने गोल्हौरा पुलिस को लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षकों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर भारी नाराजगी है। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष करुणेश मौर्य और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष मो. इमरान ने पुलिस प्रशासन से इन घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। इस संबंध में, गोल्हौरा थाना प्रभारी रामदेव ने बताया कि उन्हें घटनाओं की जानकारी है और पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
इटवा के परिषदीय स्कूलों में चोरी:गैस सिलेंडर, राशन पर हाथ साफ; शिक्षकों में रोष
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












