
बस्ती में दहेज की मांग को लेकर गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला का दुपट्टे से गला कस दिया और पेट पर प्रहार किया। जिससे उसके तीन माह के गर्भस्थ शिशु का गर्भपात हो गया। मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का है। पीड़िता की मां की तहरीर के अनुसार, वह 1 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे अपनी बेटी का हालचाल जानने उसके ससुराल पहुंचीं। आरोप है कि उसी दौरान दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और एक राय होकर मारपीट की। तहरीर में कहा गया है कि जान से मारने की नीयत से दुपट्टे से गला कस दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए महिला की सांस रुक गई। पेट पर किए गए हमले के कारण गर्भपात हो गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि ससुर और जेठ द्वारा पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें की जाती थीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। एक अन्य घटना में जबरन रासायनिक पदार्थ पिलाने का भी आरोप है। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।












































