
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में होली के दिन एक युवक तालाब में लापता हो गया। बुधवार शाम करीब तीन बजे 32 वर्षीय प्रदीप उर्फ करिया पुत्र चंद्रसेन गुप्ता कैतहा उर्फ भवानीपुर गांव के तालाब में नहाने गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार, होली के जश्न के बाद प्रदीप गांव के तालाब पर नहाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह नशे की हालत में था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया, तो मौजूद लोगों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुंडेरवा और लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कराई। बाद में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही। समाचार लिखे जाने तक प्रदीप का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।











































