
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के मदरहवा पुरवे में इंटर की छात्रा अनुष्का की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार को महादेवा विधायक दूधराम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। विधायक दूधराम ने घटनास्थल का मुआयना करने और परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को कथित लापरवाही के लिए फटकार लगाई। विधायक ने कहा कि सुरक्षा में चूक और सूचना पर त्वरित कार्रवाई न करना गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, विधायक ने जिले के नए पुलिस कप्तान (SP) की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने एसपी को एक ईमानदार अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके त्वरित निर्णयों से न्याय की उम्मीद जगी है। विधायक ने प्रशासन से दोषियों को ऐसी सजा देने की मांग की, जो एक मिसाल बन सके। मृतका अनुष्का के पिता दिनेश चंद, जो पंजाब में काम करते थे, घटना की सूचना मिलने पर गांव लौट आए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उनकी मासूम बेटी का क्या दोष था कि उसे सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बीते सोमवार रात की है, जब अनुष्का अपने छोटे भाई के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। तभी हमलावर ने उसे गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) समेत पुलिस की पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जिले के पुलिस कप्तान स्वयं इस संवेदनशील मामले की निगरानी कर रहे हैं।











































