श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 पर एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, बहराइच जनपद के अशोखा डीहा निवासी आकाश पुत्र बच्चा राम शुक्रवार शाम को इकौना थाना क्षेत्र के सेंमगड़ा में अपनी रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे। जयचंद्रपुर कटघरा के पास नेशनल हाईवे 730 पर एक अन्य बाइक को बचाने के प्रयास में वह अपनी बाइक से गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से आकाश को तत्काल इकौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।











































