श्रावस्ती में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली:पिपरा गांव में दिखी आपसी भाईचारे की मिसाल

4
Advertisement

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र स्थित पिपरा गांव में इस वर्ष होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही गांव में उत्सव का माहौल था, जहाँ चारों ओर रंगों और खुशियों की रौनक बिखरी रही। होली के अवसर पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल और चंदन लगाकर शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने पारंपरिक रूप से गले मिलकर ‘होली मुबारक’ कहा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। महिलाओं ने घरों में गुझिया, मठरी, दही-बड़े और लड्डू सहित विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवान और मिठाइयां तैयार कीं। इन्हें एक-दूसरे को खिलाकर खुशियां साझा की गईं। कई परिवारों ने मेहमानों और ग्रामीणों के सत्कार के लिए बाहर से भी मिठाइयां मंगवाईं। गांव के प्रमुख स्थानों पर युवाओं ने रंग और गुलाल के साथ जमकर होली खेली। ढोलक और मंजीरे की थाप पर फाग गीत गाए गए, जिससे वातावरण और भी उल्लासपूर्ण हो गया। बच्चों ने पिचकारी से रंगों की बौछार कर खूब मस्ती की। इस वर्ष होली का त्योहार पूरे गांव में पूर्णतः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और समझदारी का परिचय देते हुए इस पर्व को हंसी-खुशी और भाईचारे के साथ मनाया। पिपरा गांव में इस सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई होली ने समाज में एकता और प्रेम का संदेश दिया है। यह क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक उदाहरण साबित हुआ।
Advertisement