भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों-परिवारों ने खेली होली:श्रावस्ती में कमांडेंट बोले- ऐसे आयोजन देते हैं सकारात्मक ऊर्जा

2
Advertisement

श्रावस्ती में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी मुख्यालय में होली रंगोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों और उनके परिवारों ने इस पर्व को उत्साह के साथ मनाया। समारोह में वाहिनी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, उनके परिवारजन और बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ। मुख्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। फिल्मी गीतों पर नृत्य, समूह प्रदर्शन और अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों ने सभी का मनोरंजन किया। अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने इन प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे माहौल और भी जीवंत हो उठा। समारोह के समापन पर ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया। इसमें सभी अधिकारी, जवान और उनके परिवार एक साथ बैठकर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। इस सामूहिक भोज ने आपसी सामंजस्य और एकता की भावना को मजबूत किया। एसएसबी कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजन बल के भीतर एकता, मनोबल और पारिवारिक समन्वय को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्र में तैनाती के दौरान ये अवसर जवानों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं और उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण को मजबूत बनाते हैं। यह होली रंगोत्सव समारोह पूर्ण अनुशासन, उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान भी अपने परिवार के साथ त्योहारों की खुशियाँ साझा कर राष्ट्र सेवा के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को भी सशक्त करते हैं।
Advertisement