दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार घायल:श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र में हादसा, जिला अस्पताल रेफर

1
Advertisement

श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मल्हीपुर-बहराइच मार्ग पर स्थित एक मील के पास हुआ। पहली बाइक पर रानीसीर, हरदत्त नगर गिरन्ट निवासी सोनू (16) पुत्र बालकराम और मुसगड़ा, दरगाह शरीफ निवासी पवन कुमार (19) पुत्र पुत्तीलाल सवार थे। वे किसी काम से बदला चौराहा जा रहे थे। बहराइच की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस बाइक पर लक्ष्मणपुर गंगापुर, मल्हीपुर निवासी राम गोपाल (35) पुत्र कल्लू और सलारपुर, भिनगा निवासी करियाती पुत्र सहज राम सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 4355) के ईएमटी प्रदीप कुमार पाठक और पायलट ललित कुमार पाठक ने घायलों को तत्काल सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।
Advertisement