
श्रावस्ती पुलिस ने प्रेम प्रसंग में एक महिला की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला की हत्या कर उसके शव को जंगल में छिपा दिया था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भवनियापुर निवासी सूरज वर्मा का आंचल मिश्रा उर्फ अंती मिश्रा से पिछले तीन-चार महीने से मोबाइल के जरिए संपर्क था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आंचल कथित तौर पर सूरज को ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करती थी और पैसे न देने पर पुलिस में शिकायत करने की धमकी देती थी। इसी बात को लेकर 17 फरवरी 2026 को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर सूरज वर्मा ने आंचल की हत्या कर दी और उसके शव को जंगल में छिपा दिया। मृतका आंचल के पति संतोष मिश्रा ने 19 फरवरी 2026 को मल्हीपुर थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मिली लोकेशन और अभियुक्त सूरज वर्मा की निशानदेही पर 3 मार्च 2026 को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल से आंचल का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। घटना का संज्ञान लेते हुए मल्हीपुर पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सूरज वर्मा को राप्ती बैराज के पास ग्राम लक्ष्मनपुर कोठी से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज वर्मा पुत्र छोटे वर्मा, निवासी भवनिया दा जमुनहा भवनियापुर, थाना मल्हीपुर, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई है।











































