
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में होली के दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक किशोरी सहित पांच लोग घायल हो गए। ये घटनाएं जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के दो थाना क्षेत्रों में हुईं। पहली घटना हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में हुई। रानीसीर निवासी सोनू (16) पुत्र बालकराम और मुसगड़ा थाना दरगाह निवासी पवन कुमार (19) पुत्र पुत्तीलाल बाइक से बदला चौराहा जा रहे थे। मल्हीपुर-बहराइच मार्ग पर एक मील के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर लक्ष्मणपुर गंगापुर (थाना मल्हीपुर) निवासी रामगोपाल (35) पुत्र कल्लू और सलारपुर कोतवाली भिनगा निवासी करियाती पुत्र सहज राम सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस संख्या यूपी 32 ईजी 4355 से ईएमटी प्रदीप कुमार पाठक और पायलट ललित कुमार पाठक ने सभी घायलों को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। दूसरी घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मल्हीपुर कला मजरा गंगापुर में हुई। यहां जाफरून (15) पत्नी मुबारक घर के बाहर खेल रही थी, तभी जमुनहा की ओर से मल्हीपुर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे जाफरून गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके से गुजर रहे मल्हीपुर थाना निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस वाहन से घायल जाफरून को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। वहां डॉ. खुर्शीद अहमद ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भिनगा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।











































