बस्ती में छावनी थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बस्ती, अयोध्या और अंबेडकरनगर जिलों में लंबे समय से संगठित रूप से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मिन्टू उर्फ दिवेन्द्र शेखर, राकेश कुमार गुप्ता, अतुल पटेल और अतुल वर्मा के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। छावनी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इन्हें अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ट्रकों और अन्य भारी वाहनों से बड़े पैमाने पर डीजल चोरी कर उसे अवैध रूप से बेचता था। जनवरी 2025 में, पुलिस ने इसी गिरोह से 1350 लीटर डीजल, 30-30 लीटर के नौ गैलन, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की थी। गिरफ्तार आरोपियों मिन्टू, राकेश, अतुल पटेल और अतुल वर्मा पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस गिरोह के मुख्य सरगना अंकुर पाण्डेय और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।






































