महराजगंज में राजस्व लिपिक निलंबित: आईजीआरएस रैंकिंग में गिरावट पर कार्रवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर लिया एक्शन – Maharajganj News

39
Advertisement

महराजगंज में आईजीआरएस रैंकिंग में गिरावट सामने आने के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जिससे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। जनवरी माह में आईजीआरएस पोर्टल पर 10 आवेदन निर्धारित समय पर अपलोड नहीं किए गए थे। इसके परिणामस्वरूप सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए, जिसका सीधा असर जनपद की रैंकिंग पर पड़ा। जनवरी की रैंकिंग में महराजगंज 29वें स्थान पर पहुंच गया। इतना ही नहीं, दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था, जिसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना। जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित लिपिक को निलंबित कर नौतनवा से संबद्ध कर दिया है। वहीं, पर्यवेक्षणीय शिथिलता के मामले में एसडीएम निचलौल और तहसीलदार निचलौल से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस शिकायतों की जांच रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। इसके लिए विस्तृत चेकलिस्ट जारी कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Advertisement