महराजगंज में गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में चढ़ी खिचड़ी: भोर से देर रात तक उमड़े लाखों श्रद्धालु, चाक-चौबंद रही व्यवस्था – Sekhui(Nichlaul) News

5
Advertisement

गुरु गोरक्षनाथ जी के पावन खिचड़ी मेले में गुरुवार को आस्था का विराट संगम देखने को मिला। नगर पंचायत चौक स्थित प्राचीन गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में ब्रह्ममुहूर्त से ही बाबा को खिचड़ी अर्पित करने का क्रम शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। जनपद महराजगंज सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों, नेपाल और बिहार से आए करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर खिचड़ी चढ़ाई और सुख-समृद्धि की कामना की। ब्रह्ममुहूर्त में तड़के सवा तीन बजे मंदिर के महंत बाबा लक्ष्मण नाथ ने विधि-विधान के साथ प्रथम खिचड़ी अर्पित की। इसके बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। “जय गुरु गोरक्षनाथ” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कड़ाके की ठंड और सुबह की गलन भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी, और लोग घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भोर से ही मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। चौक बाजार की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर भारी भीड़ नजर आई। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी बाबा के दर्शन को उमड़े। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे, जबकि कई परिवारों ने सामूहिक रूप से खिचड़ी अर्पित की। मान्यता है कि गुरु गोरक्षनाथ जी को खिचड़ी अत्यंत प्रिय है और इसे अर्पित करने से कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख-शांति आती है। मेला क्षेत्र में नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को उपचार व दवाएं उपलब्ध कराई गईं। खोया-पाया केंद्र की सक्रियता से 21 लोग सकुशल अपने परिजनों से मिल सके। मेले में लगभग 2500 दुकानों के साथ झूले और मनोरंजन के अन्य साधन भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने मेला व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मेला अधिकारी एसडीएम जितेंद्र कुमार देर रात तक व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
यहां भी पढ़े:  प्रधान जी के दावे-वादे: लक्ष्मीपुर ब्लॉक की तेरही पंचायत के प्रधान से खास बातचीत - Lakshmipur(Maharajganj) News
Advertisement