बस्ती की सदर तहसील में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि भैंसा पांडे गांव में तैनात लेखपाल वीरेंद्र कुमार पांडे ने न्यायालय से रिलीज हुई एक गाड़ी के कागजात पर हस्ताक्षर करने के बदले पीड़ित से एक हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित न्यायालय के आदेश के बाद अपनी गाड़ी रिलीज से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए लेखपाल के पास पहुंचा था। आरोप है कि लेखपाल ने साफ तौर पर पैसे दिए बिना किसी भी प्रकार का कार्य करने से इनकार कर दिया और एक हजार रुपए की मांग रखी। आरोप यह भी है कि पीड़ित द्वारा कोर्ट का आदेश दिखाने के बावजूद लेखपाल अपनी मांग पर अड़ा रहा। वायरल वीडियो में लेखपाल को खुलेआम पैसों की मांग करते हुए देखा और सुना जा सकता है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला सामने आने के बाद सदर तहसील क्षेत्र के भैंसा पांडे गांव और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लेखपाल आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी कार्यों के लिए भी लंबे समय से अवैध वसूली करता आ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।











































