उतरौला में 18 जनवरी को विराट हिंदू सम्मेलन:सकल हिंदू समाज करेगा आयोजन, पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ होंगे मुख्य वक्ता

10
Advertisement

बलरामपुर जिले के उतरौला में 18 जनवरी यानी रविवार को एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सकल हिंदू समाज, उतरौला-बलरामपुर के तत्वावधान में यह सम्मेलन रामलीला मैदान में दोपहर 3 बजे से आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्रबोध को मजबूत करना है। इसका लक्ष्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर ‘जाति, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर एक हिंदू, श्रेष्ठ हिंदू, संगठित हिंदू’ का संदेश देना है। सम्मेलन में देश के प्रसिद्ध विचारक, ओजस्वी वक्ता और प्रखर राष्ट्रवादी प्रवक्ता पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे अपने विचारों से समाज को दिशा और प्रेरणा देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज, उतरौला–बलरामपुर के प्राचार्य कुमेश कुमार सरोज करेंगे। अयोध्या धाम के स्वामी ओम प्रपन्नाचार्य (मानस किंकर) विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए हिंदू संगठनों द्वारा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर, बैनर और जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों ने मातृशक्ति, युवाओं, बुद्धिजीवियों और सकल हिंदू समाज से परिवार सहित पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन उतरौला के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को नई दिशा प्रदान करेगा।
यहां भी पढ़े:  मझगवां के प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित:एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति ने दी जानकारी
Advertisement