बस्ती जिले के कुदरहा विकासखंड के ग्राम कबरा खास के दो सगे भाइयों ने CISF की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। गांव निवासी रितेश यादव ने ऑल इंडिया रैंक 511 हासिल की, जबकि उनके छोटे भाई रमन यादव ने ऑल इंडिया रैंक 379 प्राप्त की। ये दोनों स्वर्गीय राम गनेश यादव के पुत्र हैं। रितेश और रमन की प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई थी। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई स्व. द्वारिका प्रसाद इंटर कॉलेज, चौबाह, लालगंज से पूरी की। इंटरमीडिएट के बाद, दोनों भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज (इलाहाबाद) गए। वहां कुछ समय अध्ययन करने के बाद वे बस्ती लौट आए और सीमित संसाधनों के बावजूद शहर में रहकर अपनी तैयारी जारी रखी। उनके लगातार प्रयासों का परिणाम रहा कि रितेश यादव ने अपने तीसरे प्रयास में और रमन यादव ने दूसरे प्रयास में CISF की परीक्षा उत्तीर्ण की। दोनों भाइयों की पढ़ाई में उनके चाचा डॉ. दिलेश यादव का महत्वपूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन रहा। उन्होंने हर स्तर पर उनका मनोबल बढ़ाया। इस सफलता की सूचना मिलते ही कबरा खास गांव में खुशी का माहौल है। दोनों भाइयों को बधाई देने वालों में रमेश यादव, दरश विश्वकर्मा, विवेक यादव, धर्मेंद्र चौधरी, अभिषेक पटेल, मोनू चौधरी, चित्रसेन यादव, पिंटू बाबू और राजबहादुर यादव सहित कई ग्रामीण और शुभचिंतक शामिल हैं।











































