बस्ती में फेसबुक मैसेंजर से 1.30 लाख की ठगी:विदेश में फंसे दोस्त बनकर जालसाज ने पैसे ऐंठे

5
Advertisement

मुंडेरवा में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। फेसबुक मैसेंजर के जरिए एक युवक से 1 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई है। जालसाज ने विदेश में रह रहे एक युवक की फेसबुक आईडी हैक कर उसके दोस्त को संकट में फंसा बताकर पैसे मांगे। ठग ने मैसेज में खुद को विदेश में फंसा हुआ बताया और बाहर निकलने के लिए तत्काल 1.30 लाख रुपये की आवश्यकता जताई। दोस्त की मदद करने के चक्कर में पीड़ित युवक जालसाज के झांसे में आ गया। युवक ने अपनी मां शकुंतला देवी के बैंक खाते से बताए गए खाते में 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब युवक ने अपने दोस्त से सीधे संपर्क किया, तो उसे पता चला कि उसके दोस्त ने कोई मैसेज नहीं किया था और उसकी फेसबुक आईडी हैक कर ली गई थी। इसके बाद, पीड़िता शकुंतला देवी, पत्नी प्रेमप्रकाश, निवासी कराह पीठिया, थाना मुंडेरवा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, शकुंतला देवी का बेटा मुंबई में रहता है, जबकि गांव का आलम नामक युवक विदेश में काम करता है, जिसकी आईडी हैक कर यह ठगी की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर मुंडेरवा पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ शनिवार को धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना एसएसआई अमरनाथ यादव को सौंपी गई है।

Advertisement