रूपईडीहा व्यापार मंडल चुनाव: 18 जनवरी को होगा मतदान: 25 साल बाद हो रहे चुनाव में 836 व्यापारी चुनेंगे पदाधिकारी – Nanpara News

4
Advertisement

सीमावर्ती नगर पंचायत रूपईडीहा में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल शाखा के चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। 25 साल बाद हो रहे इन चुनावों के लिए मतदान 18 जनवरी को होगा। व्यापारियों में इस चुनाव को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। मतदान सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक बजाजा लाइन स्थित सिंह मार्केट में होगा। कुल 836 व्यापारी 28 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय चुनाव प्रबंध समिति का गठन किया गया है। इस समिति में संजय बंसल, शकील अहमद, विवेक शुक्ल एडवोकेट, मनीराम शर्मा और दिवाकर पाठक शामिल हैं, जिनकी देखरेख में चुनाव हो रहा है। चुनाव में एक अध्यक्ष, एक महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष और 11 सदस्यों का चयन किया जाना है। अध्यक्ष पद के लिए शैलेश जायसवाल और योगेंद्र शर्मा के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। महामंत्री पद पर संतोष अग्रवाल और शाहिद हाशमी आमने-सामने हैं, जबकि कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अमित कौशल और गुलाम वारिस हैं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम नानपारा और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है। मतदान के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। 25 साल बाद मतपत्र द्वारा हो रहे इस चुनाव से व्यापारियों में खुशी की लहर है।
Advertisement