तय समय से पहले महंगी शराब बिक्री:मुंडेरवा में नियमों का उल्लंघन, आबकारी विभाग बेखबर

6
Advertisement

बस्ती जिले के मुंडेरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में देशी शराब की दुकान पर नियमों का उल्लंघन कर शराब बेची जा रही है। आरोप है कि आबकारी विभाग को इसकी जानकारी नहीं है। कस्बे के जगदीशपुर स्थित देशी शराब की दुकान पर सुबह से ही शराब पीने वाले पहुंचने लगते हैं। दुकान पर मौजूद मुनीब द्वारा तय मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही है। एक ग्राहक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अधिक पैसे देने पर यहां 24 घंटे शराब उपलब्ध रहती है। जबकि शराब की दुकान खुलने का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक है। रविवार सुबह की पड़ताल में पाया गया कि दुकान का शटर सुबह 6:30 बजे ही खोल दिया गया था और 55 रुपये का पाउच 65 रुपये में बेचा जा रहा था। मौके पर कुछ लोग दुकान के पास ही शराब पीते भी दिखाई दिए। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह गलत है। उन्होंने जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही।

Advertisement