भंडारगृह में गेहूं पर पानी डाला, डिपो प्रभारी निलंबित:वायरल वीडियो के बाद संयुक्त जांच, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

7
Advertisement

बलरामपुर में राज्य भंडारण निगम के खुटेहना स्थित भंडारगृह में गेहूं पर पानी डालकर वजन बढ़ाने के मामले में डिपो प्रभारी त्रियुगी नारायण शुक्ल को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो और उसके बाद हुई संयुक्त जांच के आधार पर की गई है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में भंडारगृह में रखे गेहूं के स्टॉक पर पाइप से पानी डालते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया था। दैनिक भास्कर ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिससे खाद्यान्न की गुणवत्ता और भंडारण मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम (अयोध्या/देवीपाटन मंडल) के क्षेत्रीय प्रबंधक और बलरामपुर के जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने संयुक्त जांच का आदेश दिया। जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिलेखों का परीक्षण किया, भंडारित गेहूं की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। संयुक्त जांच में केंद्र/डिपो प्रभारी त्रियुगी नारायण शुक्ल की भूमिका संदिग्ध और दोषी पाई गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि भंडारित गेहूं के स्टॉक का वजन बढ़ाने के उद्देश्य से जानबूझकर चट्टों पर पानी डाला गया था। यह कृत्य भंडारण के निर्धारित मानकों का उल्लंघन है और इससे खाद्यान्न की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। जांच समिति की संस्तुति पर, उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम, लखनऊ के प्रबंध निदेशक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए त्रियुगी नारायण शुक्ल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वह एसडब्ल्यूसी खुटेहना के डिपो प्रभारी थे। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया है कि खाद्यान्न भंडारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अनियमितताओं पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
यहां भी पढ़े:  जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनी जनसमस्याएं:श्रावस्ती में अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
Advertisement