पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार: बहराइच में कुदाल से हमला कर पत्नी को मारा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत – Sahjana(Nanpara) News

7
Advertisement

बहराइच में पत्नी की हत्या के आरोप में पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। रूपईडीहा पुलिस ने दूबर खाँ (55) को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में पकड़ा है। उस पर कुदाल से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतारने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, दूबर खाँ ने अपनी पत्नी पर कुदाल से हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। यह मामला रूपईडीहा थाना क्षेत्र के रामपुर हुसैनबक्श गांव का है। अभियुक्त दूबर खाँ को 19 जनवरी, 2026 को सुबह 5:24 बजे नरैनापुर गांव के पूरब स्थित तालाब के पास नेपाल बॉर्डर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दूबर खाँ कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अपराध निरीक्षक गणेश तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सर्वेशचंद्र और उपनिरीक्षक सूर्यभान सहित पुलिस बल ने गिरफ्तारी को अंजाम दिया। अभियुक्त को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय सदर बहराइच भेज दिया गया है।
Advertisement