श्रावस्ती के गिलौला स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में 21 जनवरी, बुधवार को श्री खाटू श्याम जी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत दुग्धाधिवास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। दुग्धाधिवास के अवसर पर पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। प्रतिमा का दुग्ध से अभिषेक कर अधिवास कराया गया। बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस कार्यक्रम में मुख्य आयोजक गोलू सोनी, रोहित, दीपक सोनी, काका पटवा, गोलू गुप्ता, विशाल पटवा, बाबू सोनी, दीपक जायसवाल, आनंद पटवा, सौरभ पटवा, शिवम पटवा, पंकज पटवा और अमित सोनी सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखे। क्षेत्र के कई श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आयोजन सफल रहा। आयोजन समिति ने बताया कि 22 जनवरी को शयनाधिवास तथा 23 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा, हवन, नगर भ्रमण और भव्य भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने श्याम प्रेमियों से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।










































