श्रावस्ती में 360 परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित:5 लाख तक मुफ्त इलाज, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ मिलेगा

6
Advertisement

श्रावस्ती के इकौना स्थित भगवती प्रसाद मिश्रा मेमोरियल हॉस्पिटल में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 360 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इन कार्डों से अब उन्हें 5 लाख रुपए तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज मिल सकेगा। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 5 लाख 39 हजार पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है। अब तक 3 लाख से अधिक लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित है, जिसमें पात्रता का आधार केवल गरीबी है, जाति या धर्म का कोई भेदभाव नहीं। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी इस योजना के तहत ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। भगवती प्रसाद मिश्रा मेमोरियल हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से अस्पताल में जनरल सर्जरी, ट्रॉमा, पीडियाट्रिक, गायनी, मेडिसिन, आईसीयू, एनआईसीयू, नाक-कान-गला सहित कई विभागों में इलाज उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, दीनदयाल उपाध्याय योजना और कैशलेस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों का ₹1.5 लाख तक का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि जिन पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड अभी नहीं बना है, वे शीघ्र पंजीकरण कराकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ें।

यहां भी पढ़े:  भैरमपुर में विकास कार्यों की अनदेखी:पूर्व प्रधान ने बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब होने का दावा किया
Advertisement