भगवानपुर में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण संपन्न:एसएसबी ने महिलाओं और युवाओं के लिए किया आयोजन

4
Advertisement

सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की 9वीं वाहिनी ने भगवानपुर गांव में 20 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन किया। इसी अवसर पर एसएसबी द्वारा भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। 9वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट मनोरंजन पांडे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम नेवलगढ़ में आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना था। प्रेरणा फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव की टीम ने इस प्रशिक्षण का संचालन किया। समापन समारोह में कमांडेंट मनोरंजन पांडे ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 20 महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में कमांडेंट मनोरंजन पांडे ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में महिलाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि इससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि समाज में आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ सकती हैं। कमांडेंट ने बताया कि एसएसबी भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जारी रखेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हसनापुर, जुगुनभरिया, लोहाटी और नेवलगढ़ गांवों की चयनित महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में भगवानपुर ग्राम प्रधान सलमान खान, जनकपुर ग्राम प्रधान सगीर अहमद, मदराहवां ग्राम प्रधान मैरज खान, ब्यूटीशियन प्रशिक्षिका मधु राय और लक्ष्मी देवी, एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट रवि प्रताप वर्मा, वन विभाग से अखिलेश गुप्ता तथा ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर मुकेश शुक्ला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसी अवसर पर भगवानपुर में 200 युवाओं के लिए भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को एसएसबी और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षक अनिल जायसवाल इस कार्यक्रम का संचालन करेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों के आयोजन से क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।
Advertisement