सिद्धार्थनगर में सुलझा पारिवारिक विवाद:मिशन शक्ति के तहत पति-पत्नी में सुलह के बाद बच्चों संग लौटी ससुराल

7
Advertisement

उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत सिद्धार्थनगर में एक पारिवारिक विवाद सुलझाया गया है। जनपद के थाना डुमरियागंज क्षेत्र के ग्राम भारत भारी में काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी के बीच सुलह कराई गई, जिससे एक परिवार टूटने से बच गया। ग्राम भारत भारी निवासी जुबेदा खातून ने मिशन शक्ति केंद्र में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति अयूब ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया है। शिकायत मिलने पर अयूब का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें केंद्र पर बुलाया गया। पति अयूब ने अपना पक्ष रखते हुए मारपीट के आरोप से इनकार किया। उन्होंने बताया कि वे अपने माता-पिता से अलग रहते हैं और उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 6 और 5 साल है। अयूब के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब उनकी मां लकड़ी लेने गई थीं और जुबेदा उन्हें गाली दे रही थीं। जब अयूब ने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की, तो जुबेदा ने उन पर अपनी मां का पक्ष लेने का आरोप लगाया। इसी बात से नाराज होकर जुबेदा दोनों बच्चों को घर छोड़कर अपनी बहन के यहां चली गई थीं। अयूब ने स्पष्ट किया कि मारपीट की कोई घटना नहीं हुई थी और जुबेदा के आरोप गलत थे। मिशन शक्ति प्रभारी श्रीमती मीरा वर्मा और महिला कांस्टेबल रेनू की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बुलाकर विस्तार से समझाया गया। काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई। इसके बाद जुबेदा खातून अपने पति अयूब और बच्चों के साथ ससुराल लौट गईं।
Advertisement