महराजगंज में सड़क हादसा, एक युवक की मौत: पुरैना चौराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत, एक गंभीर घायल – Nichlaul News

10
Advertisement

महाराजगंज जिले के पुरैना चौराहे पर शनीवार शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बैकुंठपुर वार्ड नंबर 4 निवासी दीपांशु शर्मा (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। दुर्घटना में श्याम बचन (28 वर्ष) पुत्र राजकुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से महाराजगंज जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। श्याम बचन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल परिसर में तैनात भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सदर क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार या लापरवाही जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों ने पुरैना चौराहे पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने की मांग की है।
यहां भी पढ़े:  अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:रेहरा बाजार-बाबागंज मार्ग पर हादसा; चचेरा भाई गंभीर घायल
Advertisement