मुंडेरवा कस्बे में एक हार्डवेयर की दुकान के सामने खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी हो गई। यह घटना रविवार को भोर में हुई और पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है। चोर आराम से चहलकदमी करते हुए आया और घटना को अंजाम देकर चला गया। यह वारदात रविवार को सुबह 2 बजकर 45 मिनट पर मुंडेरवा कस्बे में सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय के सामने स्थित हार्डवेयर की दुकान के सामने हुई। चोर ने स्वराज 724 ट्रैक्टर में लगी बैटरी पर हाथ साफ कर दिया। किसी को भी इस चोरी की भनक तक नहीं लगी। घटनास्थल से थाने की दूरी लगभग 500 मीटर और चीनी मिल गेट पर बनी पुलिस चौकी की दूरी लगभग 150 मीटर है। इसके बावजूद मुख्य मार्ग पर यह चोरी की घटना घटित हुई, और पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। दुकान मालिक आशुतोष जायसवाल ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी और सीसीटीवी फुटेज मुंडेरवा पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिल गई है और फुटेज भी देखे गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि टीम लगा दी गई है और दो दिन के अंदर चोर को पकड़ लिया जाएगा।






































