बलरामपुर में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध पेड़ कटान:बिना परमिट हरे-भरे पेड़ काटे, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

4
Advertisement

बलरामपुर जिले के बारहवारे क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। यह घटना थाना हरैया के ग्राम पंचायत सहियापुर में बुद्धा फाउंडेशन के पीछे स्थित सरकारी जमीन पर हुई। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैध परमिट और वन विभाग की अनुमति के लगातार हरे-भरे पेड़ों को काटा जा रहा है। कटाई के बाद लकड़ियों को मौके से हटाकर बाहर ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह अवैध कटान काफी समय से जारी है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस गतिविधि से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस अवैध कटान का विरोध किया जाता है, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बलरामपुर, वन विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। बनकटवा रेंजर स्तुघन ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है और कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement