बस्ती जिले में गौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौर-बभनान मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया है। यह घटना सब्जी मंडी के सामने हुई। कार में लॉर्ड बुद्धा स्कूल के शिक्षक सवार थे, जो एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। घायलों की पहचान सत्य प्रकाश सिंह, अग्रसेन सिंह, प्रतीक, अतुल और अमर के रूप में हुई है। सत्य प्रकाश सिंह को अधिक चोटें आई हैं। अग्रसेन सिंह और प्रतीक को गौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल बस्ती भेजा गया है।






































