सिद्धार्थनगर में तेज-रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर:महिला की मौत, युवक गंभीर; ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार

4
Advertisement

सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर गुरुवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक और पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के धेन्सा नानकार से नौगढ़–महनगा नहर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद चालक कार वहीं छोड़कर भाग निकला। दुर्घटना में चिल्हिया थाना क्षेत्र के बसठा गांव निवासी 37 वर्षीय गीता देवी और सत्यम चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गीता देवी की मौत हो गई। वहीं, सत्यम चौबे की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही जोगिया उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि वाहन के कागजात और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-730 पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Advertisement