HomeHealth & Fitnessआईआईए की केंद्रीय कार्यकारिणी में बरेली का बढ़ा कद, कई उद्यमियों को...

आईआईए की केंद्रीय कार्यकारिणी में बरेली का बढ़ा कद, कई उद्यमियों को मिली अहम जिम्मेदारी

बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की केंद्रीय कार्यकारिणी में इस बार बरेली चैप्टर का दबदबा देखने को मिला।

लखनऊ स्थित आईआईए मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल और नवगठित केंद्रीय टीम के शपथ ग्रहण समारोह के साथ 317वीं केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में बरेली के कई उद्यमियों को राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इससे जिले के उद्योग जगत में उत्साह का माहौल है।

बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना, एमएसएमई क्षेत्र के विकास, संगठन के विस्तार और विभिन्न राष्ट्रीय समितियों के गठन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान बरेली चैप्टर के पदाधिकारियों और उद्यमियों को कई प्रमुख पदों पर मनोनीत किया गया।

बरेली के वरिष्ठ उद्योगपति नीरज गोयल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मयूर धीरवानी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। वहीं घनश्याम खंडेलवाल और तनुज भसीन को केंद्रीय कार्यकारिणी का विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किया गया। बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने भी बैठक में भाग लेकर संगठन की भावी रणनीतियों पर अपने सुझाव रखे।

विभिन्न विषयगत समितियों में भी बरेली को अहम प्रतिनिधित्व मिला। अभिनव अग्रवाल को ऊर्जा दक्षता कार्य समिति का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि अल्पित अग्रवाल को सौर ऊर्जा एवं ई-वाहन समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

एस.के. सिंह को वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स समिति का अध्यक्ष और राकेश धीरवानी को बरेली मंडल सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अलावा ऋषभ अग्रवाल को ऊर्जा दक्षता समिति का को-चेयरमैन, अशोक मित्तल को मंडी समिति का सह-अध्यक्ष, दीपांशु अग्रवाल को कृषि आधारित उद्योग समिति का सह-अध्यक्ष तथा गौरव मित्तल को निर्यात-आयात समिति का सह-अध्यक्ष बनाया गया।

बैठक में बरेली चैप्टर की ओर से सचिव धनंजय विक्रम सिंह, सह-कोषाध्यक्ष शार्दुल शंखधार समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय कार्यकारिणी और विभिन्न समितियों में बरेली चैप्टर को मिला व्यापक प्रतिनिधित्व जिले के उद्योग जगत के लिए गर्व की बात है।

इससे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर बरेली के उद्यमियों की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। साथ ही एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से उठाने में भी मदद मिलेगी।

बैठक के अंत में सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और उद्योग हितैषी बनाने का संकल्प लिया गया।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments