#बस्ती_न्यूज
राजस्थान के बीकानेर स्थित सेना के कैंप पर हुए आतंकी हमले में बस्ती जिले के मुंडेरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-12 पटेल नगर (उमरी अहरा) निवासी अग्निवीर जवान नरेन्द्र कुमार यादव (22) शहीद हो गए। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार रात करीब आठ बजे नरेन्द्र के छोटे भाई वीजेन्द्र यादव के मोबाइल पर सेना की ओर से सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रामरक्षा यादव, मां रमावती देवी, बहन रूना और भाई वीजेन्द्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शहीद नरेन्द्र कुमार यादव गरीब किसान रामरक्षा यादव के बड़े पुत्र थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को नरेन्द्र अपने साथियों के साथ सेना के कैंप में मौजूद थे। इसी दौरान आतंकियों ने हमला कर दिया, जिसमें नरेन्द्र सहित कई जवान वीरगति को प्राप्त हो गए।
नरेन्द्र ने सहजनवा स्थित अपने मामा के घर रहकर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद गिठिनी के एक निजी महाविद्यालय से स्नातक करने के साथ सेना भर्ती की तैयारी शुरू की। वर्ष 2024 में अग्निवीर योजना के तहत उनका चयन हुआ। बेंगलुरु में छह माह का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 24 नवंबर 2024 को उनकी तैनाती राजस्थान के बीकानेर में हुई थी। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण जयराम चौधरी, रामकेश और बालकेश समेत अन्य लोगों ने बताया कि नरेन्द्र बेहद सरल, मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे। परिवार की सारी उम्मीदें उन्हीं पर टिकी थीं। बेटे की शहादत से पिता रामरक्षा यादव गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि परिवार का सहारा छिन गया और घर के अनेक सपने अधूरे रह गए। गांव के लोग शहीद जवान को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। शहीद का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह गांव में पहुंचने की बात कही जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बीकानेर आतंकी हमले में बस्ती का अग्निवीर शहीद:बड़े बेटे की मौत से शोक में डूबा परिवार, 2024 में हुई थी पोस्टिंग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












