संभल । उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब असमोली विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता और बसपा से जुड़े मोहम्मद फिरोज खान हिंदुस्तानी ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों पर उत्पीड़न, टिकट के नाम पर धन उगाही और कार्यकर्ताओं की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही उन्होंने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
मोहम्मद फिरोज खान हिंदुस्तानी ने एक विस्तृत बयान जारी करते हुए कहा कि वह लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे और असमोली क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2011-12 में मायावती सरकार के दौरान बने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज असगरीपुर को बचाने के लिए उन्होंने 14 वर्षों तक संघर्ष किया और अंततः सरकार द्वारा अधूरे कार्यों के लिए धन आवंटित कराया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की विधायक पिंकी यादव से सांठगांठ कर बसपा के कुछ जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने उन्हें लगातार पार्टी कार्यक्रमों और बैठकों से दूर रखा। उनका कहना है कि असमोली विधानसभा सीट पर टिकट वितरण में धनबल और राजनीतिक सौदेबाजी का खेल चलता है, जिससे समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती है।
फिरोज खान ने यह भी आरोप लगाया कि बहुजन समाज पार्टी में आम कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं सुनी जाती और राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने के लिए भी भारी रकम की मांग की जाती है। उन्होंने दावा किया कि 24 मार्च 2026 को उन्हें मायावती से मिलवाने के नाम पर दो लाख रुपये लिए गए थे।
अपने बयान में उन्होंने संभल हिंसा, मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों, बुलडोजर कार्रवाई, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर भी पार्टी नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य दलाली या चापलूसी नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना है।
इसके बाद मोहम्मद फिरोज खान हिंदुस्तानी ने नागीना सांसद Chandrashekhar Azad के नेतृत्व में Azad Samaj Party (Kanshi Ram) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी जॉइनिंग के दौरान पूर्व आईपीएस अधिकारी अमित वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ और अन्य नेता भी मौजूद रहे।फिरोज खान ने कहा कि वर्तमान समय में संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा के लिए आजाद समाज पार्टी ही मजबूती से संघर्ष कर रही है और वह अब पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।












