HomeHealth & Fitnessकांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में बड़ा फैसला, सावन के हर सोमवार...

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में बड़ा फैसला, सावन के हर सोमवार स्कूल-कॉलेजों में छात्रों का अवकाश

बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बरेली जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। कांवड़ियों की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावन के प्रत्येक सोमवार को बरेली महानगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि सावन के सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर भीड़ और यातायात दबाव बढ़ जाता है, जिससे स्कूली बच्चों के आवागमन में परेशानी और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। यह आदेश बरेली महानगर क्षेत्र के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों को भी इसके दायरे में रखा गया है।

प्रशासन के अनुसार, दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर क्षेत्र में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों में भी यह व्यवस्था लागू रहेगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए रहेगा। विद्यालयों और कॉलेजों का शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ अपने निर्धारित कार्यों के लिए नियमित रूप से उपस्थित रहेगा।

यदि किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग की ओर से इन दिनों पहले से कोई परीक्षा निर्धारित है तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी। परीक्षा को स्थगित नहीं किया जाएगा।जिला प्रशासन का कहना है कि यह कदम कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ शहर में यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments