Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)फरीदाबाद ग्राम पंचायत में पशु शेड निर्माण में बड़ा खेल:RTI से खुलासा,...

फरीदाबाद ग्राम पंचायत में पशु शेड निर्माण में बड़ा खेल:RTI से खुलासा, कागजों में पूरा हुआ काम; जमीन पर अधूरे मिले शेड


सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा विकास खंड की ग्राम पंचायत फरीदाबाद में लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल उठे हैं। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी के आधार पर ग्राम पंचायत में पशु शेड निर्माण कार्य में अनियमितता और धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पशु शेड निर्माण के लिए लाभार्थियों को शासन स्तर से लगभग 75 हजार रुपये से लेकर 1.60 लाख रुपये तक की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। आरोप है कि कुछ माह पूर्व ग्राम पंचायत में जिन पशु शेडों का निर्माण पूरा दर्शाया गया था, उनमें से कई मौके पर अधूरे या मानकों के विपरीत पाए गए हैं। कुछ पशु शेडों में सीमेंट की चादरें (पत्रा) भी नहीं लगी हैं, जबकि सरकारी अभिलेखों में निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर भुगतान कर दिया गया है। इस मामले को लेकर आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष उपेंद्र चतुर्वेदी ने पशु शेड निर्माण कार्य में धांधली का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अभिलेखों और जमीनी हकीकत का मिलान किया जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितता सामने आ सकती है। ग्रामीणों ने भी मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। फिलहाल, संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि जांच होने के बाद ही हो सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments