HomeHealth & Fitnessएएनटीएफ का बड़ा ऑपरेशन: 119 किलो गांजा बरामद, 60 लाख की खेप...

एएनटीएफ का बड़ा ऑपरेशन: 119 किलो गांजा बरामद, 60 लाख की खेप के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ ।उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की मेरठ ऑपरेशनल यूनिट ने नंदग्राम थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 119 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा टाटा हैरियर कार, मारुति बलेनो कार, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के निर्देशन में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश कुमार पुत्र राजू नंदन सिंह निवासी थाना नोखा, जनपद रोहतास (बिहार) तथा गुड्डू कुमार उर्फ अंकित कुमार पुत्र ब्रिज बिहारी यादव निवासी थाना बिहियाँ, जनपद भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है।दोनों को 25 जुलाई 2026 को चौधरी पार्किंग के पीछे खाली प्लॉट, चमन कॉलोनी, थाना नंदग्राम (कमिश्नरेट गाजियाबाद) से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों साझेदारी में गांजा तस्करी का कारोबार करते थे। वे उड़ीसा से टाटा हैरियर कार में गांजा लाकर गाजियाबाद पहुंचाते थे, जहां पहले से तय स्थान पर उसे दूसरी कार मारुति बलेनो में शिफ्ट कर स्थानीय सप्लायर को सौंपते थे। इसके बाद यह गांजा दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे इससे पहले भी कई बार इसी तरीके से उड़ीसा से गांजा लाकर गाजियाबाद में सप्लाई कर चुके हैं। इस बार भी वे खेप की डिलीवरी करने ही वाले थे कि एएनटीएफ और नंदग्राम पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

ये सामान हुआ बरामद

119 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत लगभग ₹60 लाख)
01 टाटा हैरियर कार
01 मारुति बलेनो कार
02 मोबाइल फोन
₹1,100 नकद

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस संबंध में थाना नंदग्राम, कमिश्नरेट गाजियाबाद में मु0अ0सं0 441/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को एएनटीएफ मेरठ यूनिट ने नंदग्राम पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया। पुलिस अब इस गिरोह के गाजियाबाद स्थित मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular