Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में फर्जी बैनामा कर जमीन हड़पने का आरोप:छह लोगों पर मुकदमा...

सिद्धार्थनगर में फर्जी बैनामा कर जमीन हड़पने का आरोप:छह लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू


सिद्धार्थनगर में भूमि के कथित फर्जी बैनामे के जरिए जमीन हड़पने के आरोप में कोतवाली बांसी पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई खेसरहा थाना क्षेत्र की एक वृद्ध महिला की शिकायत पर की गई है। ग्राम भलुहा-खेसरहा निवासी श्रीमती सुधना (71 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय रामेन्द्र यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पति की मृत्यु के बाद उनकी तीन पुत्रियां हैं तथा कोई पुत्र नहीं है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी पुत्रियों के नाम पर फर्जी तरीके से भूमि का बैनामा तैयार करवा लिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपितों ने उन्हें यह कहकर तहसील बुलाया कि जमीन उनकी पुत्रियों के नाम दर्ज करानी है। इसी बहाने उनसे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि उनकी भूमि का बैनामा कर दिया गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बैनामे में उनकी पुत्रियों के नाम गलत दर्ज किए गए तथा एक पुत्री के नाम पर किसी अन्य महिला को खड़ा कर दस्तावेज तैयार कराया गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर संख्या 0118/2026 दिनांक 24 जून 2026 को दर्ज की है। मुकदमे में सदावृक्ष यादव, रामवृक्ष यादव, रामचंद्र यादव पुत्र बुद्धिराम यादव, फूलवती पत्नी रामचंद्र यादव (सभी निवासी ग्राम कुर्थिया-खेसरहा, थाना खेसरहा) तथा रामधनी यादव पुत्र सोमनाथ यादव और बाबूराम यादव पुत्र रामकन्हई (निवासी गौरागढ़, थाना शिवनगर, जनपद सिद्धार्थनगर) को नामजद किया गया है। अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र), 318(2) (धोखाधड़ी), 336(3) (जालसाजी), 338 (जाली दस्तावेज का उपयोग) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक शम्स जावेद खान को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments