HomeHealth & Fitnessजनगणना के लिए गए अपर सांख्यिकी अधिकारी से मारपीट, आरोपी के खिलाफ...

जनगणना के लिए गए अपर सांख्यिकी अधिकारी से मारपीट, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

लखनऊ। जनगणना काम के दौरान सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई नियोजन विभाग में तैनात अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार वर्मा की तहरीर पर की गई।

संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि 9 जून को दोपहर करीब 1:50 बजे जनगणना कार्य के तहत पर्यवेक्षक के रूप में राम मोहन वार्ड के सर्किल-17 क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उनके अधीन कार्यरत प्रगणक विजय लक्ष्मी द्वारा कुछ मकानों का जनगणना अभिलेखों में अंकन नहीं किया गया था। गलती सुधारने के लिए निर्देश देने पर विजय लक्ष्मी ने कार्य करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान विजय लक्ष्मी के पति आकाश दीप सोनकर, जो उनके साथ मौजूद थे, भड़क गए और संतोष कुमार वर्मा को अपशब्द व अश्लील गालियां देने लगे। 

विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी, जिससे अधिकारी को चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य प्रगणकों रेखा रानी और अभिषेक मिश्रा सहित आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद भी आकाश दीप सोनकर लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे, जबकि विजय लक्ष्मी ने भी गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। 

घटना से न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा प्रभावित हुई बल्कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments