एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे को शुक्रवार को पूरा एक साल हो गया। इस मौके पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने एक अंतरिम बयान जारी किया है। बयान जारी कर हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्रियों और अन्य लोगों को श्रद्धांजलि दी। ब्यूरो ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई। AAIB ने कहा कि जांच का मकसद किसी को दोषी ठहराना नहीं है, बल्कि इस हादसे से सबक लेकर भविष्य में विमानन सुरक्षा को और मजबूत बनाना है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
12 जून 2025 को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी, जबकि जमीन पर मौजूद 19 लोगों ने भी जान गंवाई थी। कुल 260 लोगों की मौत के साथ यह देश के सबसे दर्दनाक विमान हादसों में से एक बन गया था।
यह भी पढ़ें: कहीं मिली गंदगी तो कहीं मिले कीड़े, नेस्ले, फ्लिपकार्ट और KFC को FSSAI का नोटिस
जांच का मकसद दोष तय करना नहीं
AAIB ने अपने बयान में कहा कि किसी भी विमान दुर्घटना की जांच का उद्देश्य दोषी की पहचान करना नहीं होता। इसका मुख्य लक्ष्य दुर्घटना के कारणों का पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुझाना होता है। एजेंसी ने मीडिया और आम लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अटकलों या निष्कर्षों से बचा जाए।
जांच एजेंसी ने बताया कि पिछले एक साल में विशेषज्ञों की टीम ने हादसे से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की है। इसमें तकनीकी खामियां, विमान के संचालन से जुड़ी बातें, संगठनात्मक प्रक्रियाएं और मानवीय कारण सभी शामिल रहे। जांच के दौरान फ्लाइट रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स), इंजन के हिस्सों, मेंटेनेंस से जुड़े दस्तावेजों और ऑपरेशन रिकॉर्ड जैसे अहम सबूतों की गहराई से पड़ताल की गई। इसके अलावा, जांच को और बेहतर बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और तकनीकी सलाहकारों की भी मदद ली गई।
यह भी पढ़ें: मीनाक्षी नटराजन को सुप्रीम कोर्ट ने दिया झटका, खारिज कर दी याचिका
सरकार ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भी हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता और पेशेवर तरीके से की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्घटना के कारणों का निष्पक्ष पता लगाया जाएगा और विमानन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। हादसे की पहली बरसी पर मुंबई समेत कई शहरों में पीड़ित परिवारों, दोस्तों और विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।












