लखीमपुर-खीरी,08 जून(तरूणमित्र)। सुशासन को समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 05 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को नगरीय निकायों में व्यापक स्वच्छता -जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, पलियाकला, मोहम्मदी सहित नगर पंचायत खीरी टाउन, ओयल, मैलानी, बरबर, निघासन, भीरा एवं धौरहरा समेत सभी निकायों में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्वाधिक अस्वच्छ सार्वजनिक स्थलों की पहचान कर वहां सफाई एवं प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण का कार्य कराया गया।
इस दौरान डोर-टू-डोर अभियान चलाकर नागरिकों को सूखा कचरा, गीला कचरा एवं सेनेटरी वेस्ट को अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित कर निर्धारित वाहनों को देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पॉलिथीन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से जूट बैगों का वितरण भी किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे नियमित रूप से कचरे का पृथक्करण करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
कार्यक्रम के तहत पूरे जनपद में स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
हुनर को मिला सहारा:-ट्राइबल क्राफ्ट टूलकिट से जनजातीय महिलाओं की आत्मनिर्भरता को नई उड़ान*
सुशासन को समर्पित पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सदर ब्लॉक लखीमपुर में उपायुक्त उद्योग रूपेश कुमार ने ओडीओपी ट्राइबल क्राफ्ट योजना के अंतर्गत जनजातीय महिलाओं को टूलकिट का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त उद्योग रूपेश कुमार ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य जनजातीय समुदाय की महिलाओं को पारंपरिक शिल्प एवं हस्तकला के क्षेत्र में सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। टूलकिट वितरण से महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थी महिलाओं ने योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहे।












