लखनऊ। शुक्रवार इको गार्डन में छात्रों और वनडे एग्जाम की तैयारी कर रहे करीब 6 हजार अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके भी इसमें शामिल हुए। इस दौरान वह बोले अभी कॉकरोच खत्म नहीं हुए,कॉकरोच अभी जिन्दा है। वह करीब 40 मिनट तक रुके। भाषण दिया, 20 जून को दिल्ली आने का आह्वान किया। इसके बाद निकल गए।
दीपके ने कहा कि हमारा देश एक आंदोलन से बना था। आंदोलन नहीं हुआ होता तो आज आजादी भी नहीं मिलती। अगर देश में इमरजेंसी के खिलाफ आंदोलन ना होता तो आज लोकतंत्र ना होता। आंदोलन करना सबसे बड़ी देशभक्ति है। चाहे लेखपाल हो, यूपीएसआइ हो, नीट हो या सीबीएसई, जो-जो भी इनके पेपर लीक करने के दोषी होंगे, सबको रिजाइन करना होगा। सुबह 10 बजे प्रदर्शन शुरू हुआ। अभिजीत दोपहर डेढ़ बजे हाथ में संविधान की किताब लेकर इको गार्डन पहुंचे।
उन्हें पुलिस ने सुरक्षा घेरे में अंदर तक पहुंचाया। प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स,पीएसी और लोकल पुलिस के 1500 से ज्यादा जवान तैनात रहे। सैकड़ों छात्र और समर्थक पोस्टर-बैनर लेकर पहुंचे। उन्होंने ‘पेपर लीक बंद करो, बंद करो’ और ‘यूपीएसई स्कोर कार्ड जारी करो, जारी करो’ के नारे लगे। कुछ छात्र-अभ्यर्थियों ने कॉकरोच पार्टी और अभिजीत दीपके का विरोध भी किया।
कहा- हमारे इस आंदोलन का कॉकरोच पार्टी से कोई मतलब नहीं है। वे राजनीति कर रहे हैं। अगर अभिजीत दीपके यहां आ गए, तो हमारा आंदोलन तहस-नहस हो जाएगा। अभिजीत गुरुवार देर रात 2.20 बजे लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने टीम इंडिया की टी-शर्ट पहन रखी थी।












