गुवाहाटी। गुवाहाटी के हाथीगांव क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में 28 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने आज बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा महिला के प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
मृतका की पहचान सुष्मिता बसुमतारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह मंगलवार देर रात तक अपने किराये के कमरे में अपने प्रेमी आकाश प्रसाद के साथ थी। बुधवार को महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद हाथीगांव थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर आकाश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।












