श्रावस्ती के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया में शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों की उपस्थिति में कई कमियां पाई गईं। सीएमओ ने इन कमियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रसव कक्ष और एनबीएसयू गैलरी में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक मिली। प्रसव कक्ष के ट्रायज रूम में शौचालय की टूटी टाइल्स और पर्दों की कमी पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की और इन्हें तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। अधीक्षक ने बताया कि सुधार कार्य प्रगति पर है। मरीजों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया में ‘थ्री-सीटर’ कुर्सियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष और टीन शेड के अस्थायी निर्माण कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। सीएमओ ने जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसव के बाद प्रसूताओं की शत-प्रतिशत सीबीसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में बताया गया कि एक्स-रे कक्ष में 10 एक्स-रे और लैब में 38 जांचें की जा चुकी थीं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत पंजीकरण कार्य भी सुचारू रूप से चल रहा था। एएनसी ओपीडी के निरीक्षण में पांच गर्भवती महिलाओं के परीक्षण की प्रविष्टि दर्ज मिली। वार्ड के निरीक्षण के दौरान मोतीपुर कला निवासी ज्ञानेन्द्री पत्नी विष्णु को आयरन सुक्रोज की तीसरी खुराक दी जा रही थी। उपस्थिति पंजिका की जांच में संविदा कर्मी डॉ. प्रिया त्रिपाठी, डॉ. शिल्पा शुक्ला और साक्षी सक्सेना अनुपस्थित पाई गईं। अधीक्षक ने बताया कि वे आकस्मिक अवकाश पर थीं। इस पर सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानव संपदा पोर्टल पर प्रविष्टि के बिना कोई भी अवकाश मान्य नहीं होगा। नियमित कर्मियों में एएनएम पूजा देवी और एएचवी मालती देवी उपार्जित अवकाश पर थीं, जबकि अर्दली हनुमान प्रसाद अनुपस्थित मिले। उनके हस्ताक्षर संशोधन को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और नियमों के उल्लंघन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी सिरसिया में मिलीं कमियां, कई कर्मी अनुपस्थित:सीएमओ ने दिए सुधार के निर्देश, पोर्टल पर एंट्री बिना छुट्टी अमान्य
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












