सिद्धार्थनगर के खेसरहा विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत बेलहरा के राजस्व गांव डहरा में अधूरे विकास कार्य ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। सड़क, जलनिकासी, आवास और काउ शेड जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सकारपार-राजेडीहा मार्ग से डहरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का निर्माण जिला पंचायत विभाग द्वारा शुरू किया गया था। हालांकि, आधा पिच कार्य होने के बाद सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया है। यह मार्ग हरिजन बस्ती की ओर जाता है, जिससे बरसात में आवागमन में भारी परेशानी होती है। जल जीवन मिशन के तहत गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए टोटियां लगाई गई हैं, लेकिन पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। इससे घरों और गलियों में पानी जमा हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे बस्ती के लोगों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है। गांव की निवासी गुड़िया, रीता और दुर्गावती ने बताया कि पात्र होने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीण अंगरक्षक ने बताया कि उनके पास चार भैंस और एक गाय है, लेकिन उन्हें पशुओं के लिए काउ शेड योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इंद्रजीत त्रिपाठी ने बताया कि गांव की समस्याओं से संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि अधूरी सड़क, जलनिकासी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बेलहरा के डहरा गांव में विकास कार्य अधूरे:आधी-अधूरी सड़क और जलनिकासी न होने से ग्रामीण बेहाल, पात्रों को नहीं मिला आवास
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












