श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सोमवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय सिरसिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पोषण ट्रैकर ऐप पर अद्यतन और सही डेटा उपलब्ध न होने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका, स्टॉक पंजिका और अन्य आवश्यक अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। जांच के समय कार्यालय कक्ष में एक एलसीडी पाई गई। इसके संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि यह एलसीडी पूर्व में किसी आंगनवाड़ी केंद्र पर की गई कार्रवाई के दौरान लाई गई थी।
जिलाधिकारी ने जनपद में लगाए गए सभी स्मार्ट टीवी के संबंध में अभिलेखीय जानकारी मांगी, लेकिन मौके पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, जब अन्य प्रशासनिक और योजनागत बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई, तो संबंधित कर्मचारियों द्वारा स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जा सके। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यालय से संबंधित समस्त रिकॉर्ड और अभिलेख आज शाम तक प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तुत अभिलेखों की गहन जांच की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि पोषण ट्रैकर जैसी महत्वपूर्ण योजना में डेटा की शुद्धता और समयबद्ध अद्यतन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इससे सीधे लाभार्थियों—गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों—को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित सीडीपीओ कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
पोषण ट्रैकर में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी:सीडीपीओ सिरसिया कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, अभिलेख तलब किए
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












