गोरखपुर। जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चीनी की कमी और किल्लत से संबंधित अफवाहें फैलाए जाने को लेकर जिला प्रशासन ने आमजन से ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि जनपद में वर्तमान समय में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जनसामान्य अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों के आधार पर अनावश्यक रूप से चीनी का भंडारण न करें।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। ऐसे में अफवाहों के चलते बाजार में अनावश्यक खरीदारी या कृत्रिम मांग की स्थिति पैदा करने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन चीनी की उपलब्धता और बाजार में इसकी आपूर्ति की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जिला प्रशासन की ओर से जनपद के सभी थोक चीनी व्यापारियों से अपेक्षा की गई है कि वे भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के फूड स्टॉक पोर्टल पर अपने पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करें। व्यापारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि पोर्टल पर स्टॉक से संबंधित जानकारी को नियमित रूप से अद्यतन करते रहें, जिससे बाजार में उपलब्ध स्टॉक की वास्तविक स्थिति की निगरानी की जा सके।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जनपद में थोक व्यापारियों के चीनी स्टॉक की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि कोई व्यापारी या व्यक्ति चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत स्टॉक रखने में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने थोक व्यापारियों को स्पष्ट किया है कि वे अपने स्टॉक का सही विवरण संबंधित पोर्टल पर दर्ज करें और समय-समय पर उसे अपडेट करते रहें। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित व्यापारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
डीएम दीपक मीणा ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली चीनी की कमी से संबंधित अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि अधिकृत माध्यम से करने के बाद ही उस पर विश्वास करें। उन्होंने कहा कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
जिला प्रशासन का कहना है कि चीनी की उपलब्धता पर्याप्त है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। बाजार में अनावश्यक रूप से मांग बढ़ाने अथवा अफवाहों के आधार पर खरीदारी करने से बचते हुए लोग अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही चीनी की खरीद करें। साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।












